गोपाष्टमी पर महापौर रामू रोहरा ने यादव समाज भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का किया भूमिपूजन, शोभायात्रा में जमकर झूमे-नाचे महापौर
महापौर निधि से 4.89 लाख रुपये की लागत से होंगे विभिन्न विकास कार्य, वार्डवासियों ने किया भव्य स्वागत

धमतरी। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कोष्टापारा वार्ड में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झेरिया यादव समाज भवन में सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर जगदीश रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। महापौर निधि से 4 लाख 89 हजार रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से समाज भवन को नई सुविधाएं और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। महापौर रामू रोहरा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान वार्डवासियों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। महापौर रामू रोहरा भी समाजजनों के उत्साह में शामिल होकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर झूमे और नाचे। उनका यह उत्साह देखकर शोभायात्रा में शामिल लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता झेरिया यादव समाज कोष्टापारा धमतरी के अध्यक्ष संजय यादव ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में युगल किशोर यादव, प्रभारी सदस्य लोक निर्माण विभाग, नगर निगम धमतरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अखिलेश सोनकर, प्रभारी सदस्य जल विभाग, नगर निगम धमतरी, वार्ड पार्षद संतोष सोनकर, संतोष यादव (सचिव), दुर्गा प्रसाद यादव (कोषाध्यक्ष), शीतलराज यादव (महासंरक्षक) एवं हरिलाल यादव (संरक्षक) सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

