देवउठनी एकादशी पर 20 नवंबर को श्याम बाबा का मनाया जायेगा भव्य जन्मोत्सव

धमतरी। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम मंदिर, धमतरी में बाबा श्री श्याम का जन्मोत्सव 20 नवंबर को भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। आयोजन रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक एवं अलौकिक रूप से सजाया जाएगा तथा बाबा श्याम का विराट एवं मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। कार्यक्रम में भव्य भजन संध्या, रामधुनी संकीर्तन, सांवरिया भक्त मंडल एवं परमेश्वर खपरी वाले द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। जन्मोत्सव के अवसर पर श्याम भक्तों की ओर से बाबा को 56 भोग एवं सवामणी का भोग अर्पित किया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए श्याम रसोई का आयोजन रहेगा। आतिशबाजी के साथ बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारी, सभी ट्रस्टी एवं श्याम भक्त जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। उक्त जानकारी ट्रस्ट के सचिव सीए सुरेश गोयल ने दी।

