सड़क अधोसंरचना को मिल रही नई गति, धमतरी जिले में तेजी से आगे बढ़ रहे निर्माण एवं उन्नयन कार्य
कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी सड़क निर्माण शुरू, कई मार्गों का डामरीकरण पूरा, 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर भी चल रहा काम

धमतरी। धमतरी शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण, पुरानी सड़कों के नवीनीकरण, चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी (बिटुमिनस टॉप) सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। जिले के अनेक अन्य मार्गों पर भी डामरीकरण एवं निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं, जबकि कई सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन पूरा किया जा चुका है। जिले में सड़क विकास के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोडऩे, आवागमन के पुराने मार्गों को बेहतर बनाने और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धमतरी शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण, टू-लेन एवं फोर-लेन सड़क निर्माण की परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही पुल-पुलियों के निर्माण एवं उन्नयन से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं।
फोर-लेन एवं अन्य प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर कार्य जारी
जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर लंबाई की फोर-लेन सड़क का निर्माण प्रगतिरत है। इसी तरह मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक फोर-लेन सड़क निर्माण का कार्य भी जारी है। आमदी नगर पंचायत क्षेत्र में 3.50 किलोमीटर फोर-लेन सड़क निर्माण की निविदा प्रक्रिया जारी है। इसी प्रकार अंबेडकर चौक से गंगरेल तक 11.50 किलोमीटर लंबाई की फोर-लेन एवं टू-लेन सड़क परियोजना भी निविदा प्रक्रिया में है। इसके अलावा कुरुद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरिया-कुण्डेल-भोथली-बोंडरा-संबलपुर मार्ग के लगभग 16 किलोमीटर निर्माण की परियोजना भी शामिल है। धमतरी से बागतराई मार्ग के 2.80 किलोमीटर तथा छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के निर्माण की निविदा प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में गुजरा से रीवागहन मार्ग के 2.80 किलोमीटर, देमार से बरसी मार्ग के 4.90 किलोमीटर तथा सिविल लाइन कॉलोनी से धमतरी पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं।
गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में बेहतर सड़क अधोसंरचना का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, डामरीकरण तथा पुल-पुलियों के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
