Uncategorized

सिंगपुर में जल्द शुरू होगी बैंकिंग सुविधा, ग्रामीणों को मिलेगा वित्तीय सेवाओं का लाभ

कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण, कहा वित्तीय समावेशन से आदिवासी अंचल के विकास को मिलेगी नई गति

धमतरी- आदिवासी बहुल एवं दूरस्थ ग्राम सिंगपुर के ग्रामीणों को शीघ्र ही बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी-मगरलोड क्षेत्र के आदिवासी अंचल ग्राम सिंगपुर का दौरा कर प्रस्तावित बैंक शाखा के लिए चिन्हित भवन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैंक संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों के नागरिकों को भी शहरी क्षेत्रों के समान बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं उनके गांव के निकट ही उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि बैंक शाखा प्रारंभ होने से ग्रामीणों को खाते खोलने, शासकीय योजनाओं की राशि प्राप्त करने, बचत, ऋण, बीमा तथा डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे ग्रामीणों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से स्व-सहायता समूहों, किसानों, युवाओं एवं छोटे उद्यमियों को विशेष लाभ मिलेगा। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा। वित्तीय समावेशन ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है और सिंगपुर में बैंक शाखा की स्थापना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के लिए पुराने महिला स्व-सहायता समूह प्रशिक्षण केंद्र भवन का चयन किया गया है। प्रस्तावित शाखा का संचालन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के बाद किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के रीजनल मैनेजर श्री विपिन सिंह चंदेल ने बताया कि बैंक शाखा प्रारंभ करने संबंधी अधिकांश औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं। आरबीआई के निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों का पालन करते हुए अंतिम प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त होते ही बैंकिंग सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव एसडीएम नभ सिंह, सरपंच सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण जन उपस्थित थे ।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की पहल का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता की पूर्ति बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक की स्थापना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!