Uncategorized

ऑपरेशन तलाश : गुमशुदा व्यक्तियों की खोज हेतु धमतरी पुलिस की व्यापक रणनीति, बहु-विभागीय समन्वय बैठक संपन्न

एसपी के निर्देशन में एएसपी द्वारा विस्तृत चर्चा, प्रभावी कार्ययोजना तैयार

1 से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश हेतु प्रशासन की सुदृढ़ तैयारी

जिले में गुमशुदा (बालक/बालिका, महिला एवं पुरुष) व्यक्तियों की त्वरित खोज, सुरक्षा एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर संचालित विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 1 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धमतरी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक, धमतरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय द्वारा ली गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए अभियान की ठोस रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार की गई।बैठक में अवगत कराया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जिले में 30 दिवसीय विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश संचालित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदगी के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करना, गुमशुदा व्यक्तियों की त्वरित खोजबीन करना तथा उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाकर उनके जीवन में पुनः खुशियां लौटाना है।
अभियान के अंतर्गत गुमशुदा बालक,बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित प्रकरणों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सभी थानों में लंबित गुमशुदगी प्रकरणों की समीक्षा कर विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, वहीं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, सार्वजनिक स्थलों, होटल-लॉज, ढाबों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में सघन जांच एवं तलाशी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं साइबर सेल की सहायता से खोजबीन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा अन्य जिलों एवं राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर इंटर-स्टेट ट्रैकिंग को सुदृढ़ किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, श्रम एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से बाल संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास की दिशा में संयुक्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में इन विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के डीएसपी, एसजेपीयू, डीसीबी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए, ताकि अभियान को सफल बनाते हुए अधिक से अधिक गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र खोज सुनिश्चित की जा सके।बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों से सुझाव एवं अपेक्षाएं भी प्राप्त की गईं, जिस पर सभी विभागों ने पुलिस विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा संयुक्त प्रयासों से अभियान को सफल बनाने की सहमति व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक, धमतरी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान अवधि के दौरान प्रत्येक गुमशुदा व्यक्ति की त्वरित, प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ खोजबीन सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिकतम गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया जा सके।धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई गुमशुदा बालक,बालिका, महिला या पुरुष दिखाई देता है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसीu परिवार की खुशियां लौटा सकती है। धमतरी पुलिस ऑपरेशन तलाश के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर गुमशुदा व्यक्ति को उसके परिजनों से मिलाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!