Uncategorized

एएसपी सहित पुलिस अधिकारी एवं व्यापारी संघ की महत्वपूर्ण बैठक, सुगम यातायात के लिए व्यापारियों से लिए गए सुझाव

त्यौहारी सीजन में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात को लेकर पुलिस-व्यापारी संघ में बनी सहमति, प्रमुख यातायात बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा

मकई चौक से सदर बाजार होते हुए इतवारी बाजार तक पुलिस अधिकारियों ने की पैदल पेट्रोलिंग, यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

आगामी त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर द्वारा व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाले यातायात दबाव, पार्किंग, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा आमजन एवं व्यापारियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान व्यापारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में विभिन्न व्यावहारिक सुझाव पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने त्योहारी दिनों में बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सभी व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक के पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए मकई चौक से सदर बाजार होते हुए इतवारी बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान प्रमुख बाजार मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया तथा भीड़भाड़ एवं यातायात दबाव वाले क्षेत्रों को चिन्हांकित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी अवधि में आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाजार क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही व्यापारियों से भी अपील की गई कि वे दुकान के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने दें तथा बाजार की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत, उनि. के.आर. साहू, कैट जिलाध्यक्ष महेश जसूजा, घड़ी चौक व्यापारी संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद लूनावत, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष ललित बरडिया, घड़ी चौक व्यापारी संघ सचिव राजू पंजवानी,श्री चेतन हिंदुजा, कल्याण मुलवानी, देवा अन्दानी, संजय लुंकड़ सहित अन्य पदाधिकारी, व्यापारीगण एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!