Uncategorized

12 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार, फिर भी लोकतंत्र बचाव रैली की जरूरत क्यों? – दीपक सोनकर

धमतरी। धमतरी नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने लोकतंत्र बचाव रैली के आयोजन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद लोकतंत्र को बचाने के नाम पर बार-बार रैलियां और राजनीतिक अभियान आयोजित करने की आखिर जरूरत क्यों पड़ रही है? देश की जनता जानना चाहती है कि जब केंद्र में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, तो लोकतंत्र को लेकर लगातार सवाल क्यों खड़े हो रहे हैं?
दीपक सोनकर ने कहा कि लोकतंत्र केवल रैलियों, नारों और राजनीतिक भाषणों से नहीं बचता, बल्कि संविधान के मूल्यों की रक्षा, जनता के अधिकारों का सम्मान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से मजबूत होता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सरकार की जवाबदेही और जनता के प्रति उसकी संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम आदमी की बढ़ती परेशानियों से जूझ रही है। युवाओं को रोजगार की चिंता है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य और समस्याओं का समाधान चाहते हैं, वहीं आम नागरिक महंगाई से राहत की उम्मीद कर रहा है। ऐसे समय में जनता को राजनीतिक नारों से ज्यादा अपनी समस्याओं का जवाब चाहिए।
दीपक सोनकर ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकालने से पहले जनता के वास्तविक सवालों का जवाब देना जरूरी है। देश की जनता अब केवल नारों और वादों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। वह सरकार से जवाबदेही, पारदर्शिता और धरातल पर काम चाहती है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली कसौटी जनता के अधिकारों की सुरक्षा और आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसलिए लोकतंत्र बचाने की बात करने वाली राजनीति को जनता की समस्याओं के समाधान और जवाबदेही को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!