एएसपी चन्द्रा का हुआ दुर्ग तबादला : लगभग 14 महीने के कार्यकाल में ही बेहतर पुलिसिंग व कुशल व्यवहार से बनाई है जिले में अलग पहचान
अपराधो, सामाजिक बुराईयों पर रोकथाम के साथ ही जिलेवासियों में जागरुकता लाने रहे हमेशा गंभीर
जुआ, सट्टा, अवैध शराब, हिरोईन, गांजा, चाकूबाजो जैसे अपराधो पर करते रहे कड़ी व निरंतर कार्रवाई

धमतरी। कल राज्य सरकार द्वारा एएसपी व डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी की है। जिसमें धमतरी एएसपी मणिशंकर चन्द्रा का तबादला दुर्ग ग्रामीण एएसपी के पद पर किया गया है। तबादले के बाद जिले में श्री चन्द्रा द्वारा किये गये बेहतर पुलिसिंग के उल्लेखनीय कार्यो को लोग याद कर रहे है।
ज्ञात हो कि 17 अक्टूबर 2024 को जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर मणिशंकर चन्द्रा पदस्थ हुए। और जिन उम्मीदो के साथ उन्हें जिले में पदस्थ किया गया था साथ ही उनकी पदस्थापना के बाद से जिलेवासियों को उनसे जो उम्मीदे थी उन पर श्री चन्द्रा खरा उतरे है। अपने लगभग 14 महीने के कार्यकाल के दौरान बेहतर पुलिसिंग के लिए उन्होने कोई कसर नहीं छोड़ी। अपराधियों के प्रति सख्ती व आमजनता के प्रति सरल व्यवहार से पुलिस की बेहतर छवि बनाने में सफल रहे है। श्री चन्द्रा के अनुभव का लाभ उनके अधिनस्थ पुलिस कर्मियों को मिला। विशेष अवसर जैसे तीज त्यौहार, चुनाव, विशेष आयोजन, व्हीआईपी आगमन आदि के दौरान कानून व्यवस्था बेहतर बनाये रखना व आयोजन को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रही। लेकिन उक्त चुनौती पर एएसपी मणिशंकर चन्द्रा हमेशा खरा उतरते रहे। वे लगातार बेहतर पुलिसिंग को अंजाम दे रहे। अपराधो के नियंत्रण के साथ सामाजिक बुराईयों पर रोकथाम के लिए लगातार प्रयासरत रहे। जिले में कही भी कोई गंभीर अपराध घटित हो तो वे अपराध के निराकरण व अपराधियों की धरपकड़ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे है। पूर्व में जिले में निर्वाचन प्रक्रिया, रामनवमी शोभायात्रा, भगवान जगन्नाथ रथयात्रा, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता, गणेशोत्सव, नवरात्र पर विसर्जन यात्रा, होली दीपावली, ईद, क्रिसमस जैसे कई मौके आए जब कानून व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में एएसपी चन्द्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कुल मिलाकर कहा जाए तो जिले में उनका 14 महीनों का कार्यकाल सफल रहा है।
