मंदिर सफाई करते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

धमतरी। मिली जानकारी के अनुसार, लाल बगीचा शिव मंदिर के पास रहने वाला घनश्याम सेन (20 वर्ष) पिता बुधराम सेन रविवार सुबह करीब 11 बजे आगामी सावन सोमवार की पूजा-अर्चना की तैयारियों के तहत मंदिर समिति के कहने पर शिव मंदिर परिसर की साफ-सफाई में जुटा हुआ था। इस दौरान वह मंदिर के ऊपर स्थित पेड़ की डंगाल काटने चढ़ा। बताया जा रहा है कि पेड़ की डाल पास ही स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े हाई वोल्टेज तारों के काफी करीब थी।पत्ता हटाते समय वह अचानक तार की चपेट में आ गया और जोर का करंट लगते ही मंदिर की छत पर जा गिरा। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंदिर समिति को इसके लिए किसी मजदूर को बुलाना था लेकिन पास के ही युवक को चढ़ाकर सफाई की जा रही थी जिससे यह घटना घट गई। समिति के सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की गई।
घटना देख आसपास मौजूद लोग और वार्डवासी तुरंत मौके पर पहुँचे। अचेत अवस्था में युवक को आनन-फानन में डीसीएच अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने 11:50 बजे जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।मृतक घनश्याम सेन स्थानीय स्तर वार्ड में ही एक सैलून दुकान का संचालन करता था।

