दीपावली पर्व के पूर्व यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने जुटा विभाग, बढ़ाये गये ट्रैफिक प्वाइंट
भारी व बड़े वाहनों का प्रवेश विंध्यवासिनी मंदिर से घड़ी चौक की ओर आवश्यकतानुसार किया जा रहा निषेध
त्यौहारी भीड़ के चलते फोर व्हीलर के स्थान पर टू व्हीलर व पैदल पेट्रोलिंग पर किया जा रहा फोकस

धमतरी। 6 नवम्बर धनतेरस के साथ दीपावली पर्व की शुरुआत होगी। लेकिन पर्व के पूर्व शहर के दुकानों में खरीददारी हेतु ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। जो कि लक्ष्मीपूजा की रात तक जारी रहेगा। इस दौरान शहर के सबसे व्यस्त मार्ग सदर से लेकर घड़ी चौक तक भीड़ ज्यादा रहती है। ऐसे में यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। जिससे लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उक्त बातों को ध्यान में रखते हुए एसपी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर बेहतर यातायात व्यवस्था बनाये रखने यातायात प्रभारी खेमराज साहू द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे है।
चर्चा के दौरान यातायात प्रभारी खेमराज साहू ने बताया कि कुछ स्थानों पर अतिरिक्त प्वाईंट बनाये गये जहां जवान यातायात व्यवस्था बनाये रखने तैनात रहेंगे। घड़ी चौक के पास, बालक चौक, गोलबाजार, मठमंदिर चौक, देवश्री टॉकिज रोड, कचहरी चौक, रामबाग, बस स्टैण्ड आदि स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक प्वाइंट बनाकर यातायात को सुगम बनाया जा रहा है। त्यौहारी भीड़ को नियंत्रित रखने यातायात विभाग कार्य कर रही है। जिसके तहत मुख्य मार्गो पर सबसे अधिक भीड़ होने के कारण रामबाग की ओर से आज से भारी व बड़े वाहनों के प्रवेश पर आवश्यकतानुसार रोक लगाया जा रहा है। आगामी दिनों में त्यौहारी भीड़ बढऩे से अन्य मार्गो पर भी यह व्यवस्था लागू की जा सकती है। यह रोक ग्राहकों व दुकानदारों को यातायात जाम की समस्या से बचाने के लिए किया जा रहा है। चार पहिया वाहनों के निषेध रहने के दौरान उन्हें अन्य सहायक मार्गो से डायवर्ट किया जायेगा। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख मार्गो, बाजारो व भीड़ वाले ईलाको में जवान तैनात किये गये है। जो कि कानून व्यवस्था के साथ बेहतर यातायात के लिए भी कार्य कर रहे है। यातायात प्रभारी खेमराज साहू ने बताया कि त्यौहारी भीड़ को देखते हुए फोर व्हीलर से पेट्रोलिंग के स्थान पर ट्रैफिक पुलिस टू व्हीलर व पैदल पेट्रोलिंग पर फोकस कर रही है। बता दे कि शहर का मुख्य बाजार सदर मार्ग से घड़ी चौक तक स्थित है जहां दीपावली पर भारी भीड़ उमड़ती है इसलिए यातायात बेहतर बनाए रखने चुनौती है जिस पर खरा उतरने प्रभारी खेमराज साहू अपनी टीम के साथ जुटे हुए है।
पार्किंग स्पेस नहीं होने से बढ़ी परेशानी
बता दे कि शहर में पार्किंग स्पेस की कमी है ऐसे में मुख्य मार्गो में दुकानों के सामने ही वाहने खड़ी करनी पड़ती जिससे मार्ग संकरा हो जाता है। जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। बाजार में खरीददारी करने उमड़ी भीड़ के पास अपनी दुपहिया व चारपहिया वाहन खड़ी करने पर्याप्त पार्किंग स्पेस नहीं होने पर सड़क किनारे ही गाडिय़ां खड़ी होने लगी। जिससे यातायात प्रभावित होता है।
सुगम व सुरक्षित यातायात में सभी का सहयोग जरुरी – यातायात प्रभारी खेमराज साहू
उल्लेखनीय है कि जब से यातायात प्रभारी खेमराज साहू यातायात की जवाबदारी संभाल रहे है तब से बेहतर कार्यो को अंजाम दे रहे है। वे लगातार स्वयं फील्ड पर रहकर ट्रैफिक में सुधार के लिए कार्य कर रहे है। साथ ही समस्त यातायात विभाग की टीम भी अलर्ट रह कर शहरवासियों को जाम फ्री व सुरक्षित आवागमन प्रदान करने जुटे हुए है। उन्होने बेहतर यातायात व्यवस्था बनाने आम जनता से सहयोग की अपील की है।