एक बार फिर 112 एवं वरदान परमार्थ सेवा समिति ने पेश की मानवता की मिसाल

धमतरी। धमतरी जिले के आमदी पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर एक सड़क हादसा हो गया। सामने चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहा हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और हाईवा सामने वाले वाहन के पीछे जा घुसा। हादसे में हाईवा चालक ओमप्रकाश साहू की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग के पास बुरी तरह फंस गया। इसी दौरान आमदी में 112 का इवेंट पूरा कर धमतरी लौट रही 112 की टीम अखिलेश ध्रुव और गणेश साहू की नजर हादसे पर पड़ी। टीम ने बिना देर किए तत्काल रुककर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और हाईवा में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान एवं डोमन साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना का समय लगभग रात्रि 12:30 बजे बताया जा रहा है। घायल चालक को काफी चोटें आई हैं। इस पूरी घटना में 112 की टीम एवं वरदान परमार्थ सेवा समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए एक बार फिर मानवता और सेवा भावना का परिचय दिया।