धमतरी के गौरव लक्ष्मण लाल साहू एवं पूजा साहू का भव्य स्वागत, महापौर रामू रोहरा रैली में हुए शामिल

धमतरी- छत्तीसगढ़ राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित धमतरी के गौरव एवं कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण लाल साहू को प्रतिष्ठित शहीद विनोद चौबे अलंकरण तथा धमतरी जिले की प्रतिभाशाली बेटी सुश्री पूजा साहू को शहीद कौशल यादव अलंकरण से सम्मानित किए जाने पर शहर में भव्य स्वागत रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने दोनों खेल प्रतिभाओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा भव्य रैली में शामिल होकर उनका उत्साहवर्धन किया। शहरवासियों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों खिलाड़ियों और प्रशिक्षक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि लक्ष्मण लाल साहू ने वर्षों से कुश्ती के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर धमतरी की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा दी है, वहीं पूजा साहू ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से जिले का नाम गौरवान्वित किया है। राज्य के प्रतिष्ठित खेल अलंकरण से सम्मानित होना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे धमतरी जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि धमतरी की धरती ने सदैव खेल, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं को जन्म दिया है। ऐसे खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही मेहनत और समर्पण का संदेश देती हैं।
इस दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, नागरिक, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उत्साहपूर्ण वातावरण में निकली स्वागत रैली ने दोनों सम्मानित प्रतिभाओं के प्रति धमतरीवासियों के सम्मान और गौरव की भावना को प्रदर्शित किया।