ऑपरेशन प्रहार के तहत धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचते 5 कोचिए गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भखारा एवं अर्जुनी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री करते हुए पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 59 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 5 हजार 320 रुपये है, तथा शराब बिक्री की 1 हजार 650 रुपये नगद राशि सहित कुल 6 हजार 970 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में भखारा एवं अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार भखारा थाना क्षेत्र में कोलियारी गौठान के पास अछोटी निवासी शिवदयाल चेलक (59 वर्ष) को 24 पौवा देशी शराब एवं 410 रुपये नगद के साथ पकड़ा गया। वहीं अर्जुनी थाना क्षेत्र में कुशल एग्रो इक्विपमेंट के पास अर्जुनी निवासी डिगेश ध्रुव (24 वर्ष) को 10 पौवा शराब एवं 200 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह भखारा रोड पर बजाज शोरूम से पहले पुल के पास संतराम सिन्हा (56 वर्ष) के कब्जे से 8 पौवा शराब एवं 310 रुपये नगद, सेहरा डबरी में सोनालिका ट्रैक्टर के सामने विष्णुराम यादव (58 वर्ष) से 9 पौवा शराब एवं 400 रुपये नगद तथा ग्राम अर्जुनी में टाकेश्वर होटल के सामने टाकेश्वर उर्फ टाकू मीनपाल (40 वर्ष) से 8 पौवा देशी शराब एवं 330 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत अलग-अलग पांच अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भंडारण करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
