भोलेनाथ की महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब, महापौर रामू रोहरा ने की नगर की सुख-समृद्धि की प्रार्थना

धमतरी। श्री शीतलेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा इंडोर स्टेडियम, आमातालाब में आयोजित 251 पार्थिव शिवलिंग महाभिषेक के पावन अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दिव्य धार्मिक आयोजन में महापौर रामू रोहरा श्रद्धापूर्वक शामिल हुए तथा भगवान 251 पार्थिव शिवलिंग महादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक कर समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सेवा, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री शीतलेश्वर महादेव सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।महाआरती के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंगों का पूजन-अभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन ने सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।