सेवा संकल्प अभियान के तहत जन समस्या निवारण शिविर का 9 को आयोजन
विंध्यवासिनी मंदिर परिसर के समीप स्थित सामुदायिक भवन में लगेगा जन समस्या निवारण शिविर, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निगम की सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इन शिविरों में राशन कार्ड, नल कनेक्शन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, टैक्स वसूली, पेंशन योजना, विद्युतीकरण योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगेंगे
जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नगर निगम से संबंधित सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र नागरिकों के आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
*शिविर का कार्यक्रम*
09 अक्टूबर 2026, शुक्रवार
स्थान:- विंध्यवासिनी वार्ड स्थित बिलाई माता मंदिर के पीछे सामुदायिक भवन
समय:- प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक
नगर पालिक निगम धमतरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित इन जन समस्या निवारण शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाएं।
निगम ने पात्र हितग्राहियों से कहा है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित हों, ताकि उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जा सके तथा पात्रतानुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाकर जनसुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाना है।
