Uncategorized

धमतरी जिले में एफएमडी मुक्त भारत टीकाकरण अभियान प्रारंभ

पशुधन को खुरहा-चपका रोग से बचाने व्यापक पहल, घर-घर पहुंचेंगी टीमें


धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में पशुधन को खुरहा-चपका (एफएमडी) रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एफएमडी मुक्त भारत टीकाकरण अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एलएच एंड डीसी) के अंतर्गत संचालित यह विशेष अभियान 15 मार्च से 30 अप्रैल तक जिले के सभी ग्रामों में चलाया जा रहा है, जिसमें पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं धमतरी, डॉ. अवधेश कुमार मरकाम ने बताया कि खुरहा-चपका (एफएमडी) एक अत्यंत संक्रामक विषाणु जनित रोग है, जो संक्रमित पशुओं से अन्य स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। इस रोग से ग्रसित पशुओं में तेज बुखार, मुंह, मसूड़ों, जीभ, खुर एवं थनों में छाले पडऩा, जुगाली बंद होना, लंगड़ापन तथा दुग्ध उत्पादन में कमी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। यह रोग पशुधन उत्पादकता को प्रभावित करने के साथ-साथ पशु उत्पादों के निर्यात पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा लगभग 60 टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव जाकर पशुपालकों के घरों, गौठानों एवं गोशालाओं में पहुंचकर टीकाकरण कार्य संपादित करेंगी। टीकाकृत पशुओं का विवरण टैग नंबर के माध्यम से भारत पशुधन एप में ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे पशुधन का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सके। इस अभियान के तहत चार माह से अधिक आयु के सभी गौवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का टीकाकरण अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। विभाग द्वारा पशुपालकों को जागरूक करने के लिए मुनादी, जनसंपर्क, दीवार लेखन एवं ग्राम स्तरीय बैठकों के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!