विधानसभा घेराव में विधायक ओंकार साहू हुए शामिल, जनहित मुद्दों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन

धमतरी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू , सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम, जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चन्द्राकर एवं वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रूप से घेराव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद की। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता से जुड़े मुद्दों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा में संशोधन, अफीम के अवैध कारोबार, एलपीजी गैस संकट, धान खरीदी में भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी और प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध जैसे गंभीर विषयों पर सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चन्द्राकर ने अपने वक्तव्य में कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावनाओं को नजरअंदाज कर रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जनहित की लड़ाई को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

