Uncategorized

छठ महापर्व के अंतिम दिन रुद्रेश्वर घाट में महापौर रामू रोहरा ने महाआरती में लिया हिस्सा, श्रद्धालुओं के साथ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना

महापौर ने कहा– छठ महापर्व आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम संदेश देता है

धमतरी- लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा के अंतिम दिन आज सुबह नगर निगम के महापौर रामू रोहरा रुद्रेश्वर घाट पहुंचे। यहां उन्होंने छठ महापर्व के समापन अवसर पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा भगवान सूर्यदेव से समस्त नगरवासियों एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान सूर्यदेव एवं प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ परिवार और समाज की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना करने की प्रेरणा देता है। छठी मैया की आराधना में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, समर्पण और कठिन तपस्या भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को दर्शाती है।
महापौर ने सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के प्रति अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान रुद्रेश्वर घाट पर छठ महापर्व की भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!