धान की कमाई से खरीदा ट्रैक्टर, अब बेटे के हाथों में खेती की खुशहाली की कमान
47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे किसान रामरतन साहू, शासन की योजनाओं और खरीदी व्यवस्था पर जताया संतोष

धमतरी- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किसानों की मेहनत को आर्थिक मजबूती और खुशहाली में बदलने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही उपार्जन केंद्रों में किसानों की आमद शुरू हो गई है। इसी कड़ी में ग्राम बोरिदखुर्द के किसान रामरतन साहू अपनी पहली खेप में 47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे। खेती से प्राप्त आमदनी का बेहतर उपयोग कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने वाले रामरतन साहू की कहानी खेती में समृद्धि और शासन की योजनाओं से मिल रहे संबल की प्रेरक तस्वीर पेश करती है।
रामरतन साहू ने बताया कि उन्होंने अपने लगभग ढाई एकड़ खेत में धान की फसल ली है। ऑनलाइन टोकन कटवाकर वे खरीदी के पहले दिन अपनी उपज बेचने पहुंचे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “इस साल अच्छी मेहनत से धान की फसल तैयार की है। आज खरीदी के पहले ही दिन 47 क्विंटल धान लेकर आया हूं। समर्थन मूल्य पर धान बेचने से किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिलने का भरोसा रहता है। इससे खेती के अगले सीजन की तैयारी करने में भी मदद मिलती है।किसान रामरतन साहू के लिए खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य को संवारने का माध्यम भी बनी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि से उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा है। अब उनका बेटा ट्रैक्टर चलाकर कृषि कार्यों में सहयोग करता है। इस बदलाव पर उन्होंने कहा, पिछले साल धान बेचकर जो पैसा मिला था, उससे मैंने ट्रैक्टर खरीदा। अब मेरा बेटा ट्रैक्टर चलाता है और खेती के काम में हाथ बंटाता है। पहले खेती के कई कामों के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब अपने ट्रैक्टर से काफी सुविधा हो गई है। धान की कमाई का खेती में ही निवेश करने से हमें आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
शासन की योजनाओं से परिवार को मिल रहा आर्थिक संबल
रामरतन साहू ने बताया कि उनके परिवार को महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। परिवार की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त होती है। उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन और प्रतिमाह 35 किलो चावल मिलने से घरेलू खर्च में राहत मिली है। उन्होंने कहा, “सरकार की योजनाओं से परिवार को काफी सहारा मिलता है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि मिलती है, गैस कनेक्शन से रसोई में सुविधा हुई है और राशन कार्ड से हर महीने 35 किलो चावल मिलता है। इससे घर के खर्च में बचत होती है और दूसरी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं से संतुष्ट किसान
सोरम धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, धान तौल और बारदाने की व्यवस्था की गई है। टोकन के माध्यम से धान बेचने आने में भी सहूलियत हो रही है। किसानों को व्यवस्थित तरीके से अपनी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है।
कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए रामरतन साहू ने शासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार की योजनाएं बहुत उपयोगी हैं। धान का उचित मूल्य मिलने से किसान खेती में निवेश कर पा रहे हैं। हमारी भी यही कोशिश है कि खेती से होने वाली आमदनी का उपयोग परिवार और कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में करें।
रामरतन साहू की कहानी इस बात का प्रमाण है कि किसान की मेहनत को उचित मूल्य और परिवार को योजनाओं का लाभ मिले, तो खुशहाली का रास्ता मजबूत होता है। पिछले वर्ष धान की कमाई से खरीदा गया ट्रैक्टर आज उनके बेटे के हाथों में खेती की जिम्मेदारी सौंपने का माध्यम बना है। यह केवल एक किसान परिवार की आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में हो रहे सकारात्मक बदलाव की तस्वीर भी है.