वीबी जी राम जी योजना को प्रभावी बनाने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सक्रिय, गांव-गांव के विकास की बन रही कार्ययोजना
हर ग्राम पंचायत से मांगे जा रहे विकास कार्यों के प्रस्ताव, एस्टीमेट तैयार करने के साथ मैदानी स्तर पर भी ले रहे जायजा

धमतरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा लगातार सक्रिय हैं। वीबी जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत स्तर पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत जिले की ग्राम पंचायतों में आवश्यक विकास कार्यों को चिन्हित करने, प्रस्ताव तैयार करने और उनकी लागत का एस्टीमेट बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा द्वारा ग्राम पंचायतों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित साथियों से चर्चा कर गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि प्रत्येक गांव की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। किस गांव में किस प्रकार के कार्य की जरूरत है, कहां कितनी राशि की आवश्यकता होगी और किन कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बैठकों के साथ गांवों तक पहुंचकर ले रहे जायजा योजना को केवल कागजों तक सीमित न रखते हुए अरुण सार्वा ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा भी कर रहे हैं। मैदानी स्तर पर पहुंचकर वे गांवों की वस्तुस्थिति, स्थानीय जरूरतों और विकास की संभावनाओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और जरूरत के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने में मदद मिलेगी। पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद के माध्यम से गांवों की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जा रही है।
हर गांव तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। वीबी जी राम जी योजना का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचे और गांवों में आवश्यक विकास कार्यों को गति मिले, इसके लिए सभी संबंधित लोगों के सहयोग से प्रयास किए जा रहे हैं।
समन्वय और बेहतर योजना से ग्रामीण विकास को मिलेगी गति
जिला पंचायत स्तर पर प्रस्ताव तैयार करने से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने तक किए जा रहे प्रयासों से गांवों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी। पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। अरुण साव का जोर है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास की नई संभावनाएं विकसित हों।
