Uncategorized

31 को राष्ट्रीय एकता दिवस पर होगा भव्य एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण, धमतरी जिले के 21 स्थलों पर की गई विशेष व्यवस्था

लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर एकता नगर में दिखेगा शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम


धमतरी। अखंड भारत के शिल्पी, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस गौरवशाली अवसर पर गुजरात के एकता नगर में भव्य एवं गरिमामयी एकता परेड का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित इस ऐतिहासिक आयोजन का सीधा प्रसारण कल सायं 05:30 बजे से दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज़ सहित प्रमुख समाचार चैनलों पर किया जाएगा। एकता परेड-2026 में देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट, साहसिक करतब और विशेष कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करेंगी। यह आयोजन राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित जवानों के शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और देश की विविधता में एकता का प्रेरणादायी प्रतीक बनेगा। एसपी धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा इस राष्ट्रीय गौरव के आयोजन से जिले के नागरिकों, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को जोडऩे के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले के कुल 21 प्रमुख स्थलों पर एकता परेड-2026 के सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत पुलिस कार्यालयों, थाना-चौकी परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नागरिक और पुलिसकर्मी सामूहिक रूप से इस भव्य समारोह का प्रसारण देख सकेंगे। प्रमुख प्रसारण स्थलों में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का सभाकक्ष, पुलिस कम्पोजिट भवन (रुद्री), गांधी मैदान (धमतरी), रुद्री पॉलिटेक्निक कॉलेज, ग्राम पंचायत कुकरेल, आदिवासी छात्रावास (अकलाडोंगरी), जनपद सभाकक्ष (नगरी) तथा सीएएफ कैंप (बहीगांव) सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी परिसर शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!