Uncategorized

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा को लेकर महापौर रामू रोहरा का आह्वान

लोकतंत्र की मर्यादा और राष्ट्र की एकता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : महापौर रामू रोहरा

भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा 31अक्टूबर को, महापौर ने नागरिकों से की अधिकाधिक सहभागिता की अपील

धमतरी- देश में राष्ट्रविरोधी तत्वों द्वारा अराजकता एवं अशांति का वातावरण निर्मित करने के कथित प्रयासों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में 31 अक्टूबर को धमतरी में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने आम नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक शक्ति, जनभावनाओं और राष्ट्रीय अस्मिता का आधार है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने वाली किसी भी गतिविधि के प्रति समाज को सजग और एकजुट रहना होगा। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभावनाओं के साथ खड़ी रही है। देश में शांति, सद्भाव और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक नागरिकों की एकजुटता आवश्यक है। यह पदयात्रा राष्ट्रहित के प्रति सामूहिक संकल्प और लोकतांत्रिक चेतना की अभिव्यक्ति बनेगी।
महापौर ने बताया कि 31अक्टूबर को सुबह 10 बजे गौशाला मैदान, बिलाई माता मंदिर के पास से पदयात्रा प्रारंभ होगी। यह सदर बाजार, घड़ी चौक एवं सिहावा चौक होते हुए शांति वाटिका, सिहावा चौक रोड पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
अंत में महापौर श्री रोहरा ने भाजपा के समस्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं धमतरी नगर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के इस आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!