Uncategorized

चक्रधारी कुम्हार समाज के प्रतिभा सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए महापौर रामू रोहरा, प्रतिभाओं का किया सम्मान

समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक उत्थान के लिए संगठित प्रयास जरूरी – महापौर रामू रोहरा

धमतरी- चक्रधारी कुम्हार समाज द्वारा जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन दानीटोला वार्ड स्थित देवांगन धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कुम्हार समाज धमतरी के जिलाध्यक्ष हरिशचंद्र चक्रधारी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत धमतरी की महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन, जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव, ग्राम पंचायत कोलियारी की सरपंच श्रीमती ज्योति श्यामू सोनकर, उपसरपंच राजेश चक्रधारी एवं पार्षद अज्जू देशलहरे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता, संस्कार, संस्कृति और शिक्षा के प्रति जागरूकता में निहित होती है। प्रतिभाओं का सम्मान करना केवल उनका उत्साहवर्धन करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देना भी है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा के दम पर नई पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।महापौर ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, संगठन और आपसी सहयोग को प्राथमिकता देना आवश्यक है। हमारे समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और युवाओं की ऊर्जा मिलकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है
नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए महापौर ने कहा कि संगठन में पद मिलना सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुःख में सहभागी बनें, सामाजिक एकता को मजबूत करें और समाज के हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ ली। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे। पूरा आयोजन सामाजिक एकता, प्रतिभाओं के सम्मान और संगठन की मजबूती का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!