पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने मितेश जैन ने उठाई आवाज
विधायक ओंकार साहू ने विधानसभा में मामला उठाने का दिया भरोसा

धमतरी। सामाजिक कार्यकर्ता मितेश जैन ने ग्राम छाती निवासी नेमिन बाई चंद्राकर एवं उनके परिवार की जायज मांगों को समर्थन देते हुए उन्हें न्याय और अधिकार दिलाने के लिए पहल की है। पीडि़त परिवार लंबे समय से अपने हक एवं न्याय की मांग को लेकर प्रयासरत है। मितेश जैन ने इस मामले से क्षेत्र के जागरूक विधायक ओंकार साहू को अवगत कराया तथा पीडि़त परिवार की समस्या को गंभीरता से सुनने और उचित पहल करने का आग्रह किया। इस पर विधायक ओंकार साहू तत्काल गांधी मैदान पहुंचकर पीडि़त परिवार से मुलाकात की, उनकी समस्याओं एवं मांगों को विस्तार से सुना और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।विधायक ने आश्वासन दिया कि इस मामले को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शून्यकाल के माध्यम से उठाया जाएगा.इस दौरान नगर निगम में विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा ने भी पीडि़त परिवार को सहयोग एवं न्याय दिलाने के लिए विधायक से निवेदन किया।