संविधान दिवस पर कांग्रेसजनों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया नमन, राजीव भवन में हुआ माल्यार्पण

धमतरी। देश के 77वें संविधान दिवस के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक वाचन के साथ हुई। उपस्थित नेताओं ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने की स्वतंत्रता प्रदान करता है। नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित यह संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और वर्तमान समय में संवैधानिक संस्थाओं व लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षद्वय योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, जिला महामंत्री विक्रांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, मजदूर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैया सोनी, पार्षद प्रतिनिधि भागी ध्रुव, पूर्व पार्षद अवैश हाशमी, देवेंद्र देवांगन, आशुतोष खरे, नवीन गजेंन्द्र, मोहन ध्रुव, संकेत गुप्ता, अयान हाशमी, सूरज पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
