उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के ट्रैप कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ माउस डियर, जैव विविधता के लिए बेहतर संकेत
छोटे आकार का बेहद शर्मीला वन्यजीव है माउस डियर, घने जंगलों में रहता है इसका बसेरा; वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के जंगलों में एक दुर्लभ वन्यजीव माउस डियर (माउस हिरण) रिजर्व क्षेत्र में लगाए गए ट्रैप कैमरे में कैद हुआ है। इस छोटे और शर्मीले वन्यजीव की तस्वीर सामने आने से वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति संरक्षण से जुड़े लोगों में उत्साह है। जंगल में इसकी मौजूदगी जैव विविधता की दृष्टि से एक बेहतर संकेत मानी जा रही है। यह इस बात को भी रेखांकित करता है कि बड़े वन्यजीवों के साथ-साथ छोटे और कम दिखाई देने वाले जीवों का संरक्षण भी जंगल के पारिस्थितिक संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
बाघ, तेंदुआ, गौर, भालू उडऩ, इंद्र धनुषी गिलहरी और कई प्रकार विशेष पक्षियों सहित अनेक वन्यजीवों का है प्राकृतिक रहवास
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध वन संपदा, घने जंगलों और विविध वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है। यहां बाघ, तेंदुआ, गौर, भालू उडऩ गिलहरी इंद्र धनुषी गिलहरी और कई प्रकार विशेष पक्षियों सहित अनेक वन्यजीवों का प्राकृतिक रहवास है। ऐसे में माउस डियर जैसे दुर्लभ वन्यजीव का ट्रैप कैमरे में दर्ज होना क्षेत्र की वन्यजीव विविधता को और खास बनाता है।
क्या होता है माउस डियर?
माउस डियर को इंडियन स्पॉटेड चेवरोटेन भी कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम मोस्किओला इंडिका है। यह भारत में पाया जाने वाला हिरन जैसा दिखने वाला बेहद छोटा खुरदार स्तनधारी जीव है। इसे भारत के सबसे छोटे हिरन जैसे वन्यजीवों में गिना जाता है। इसका शरीर भूरे और जैतूनी रंग का होता है, जिस पर सफेद धब्बे और धारियां दिखाई देती हैं। इसकी लंबाई लगभग 45 से 55 सेंटीमीटर और वजन करीब 2.5 से 3 किलोग्राम तक हो सकता है।सामान्य हिरणों की तरह इसके सिर पर सींग नहीं होते। इसकी बड़ी आंखें, नुकीला थूथन और छोटे-पतले पैर इसकी खास पहचान हैं। यह घने जंगलों, झाडिय़ों और पत्तों से ढके स्थानों में रहना पसंद करता है। गिरे हुए फल, पत्तियां, जड़ी-बूटियां और अन्य वनस्पतियां इसका प्रमुख भोजन हैं।
रात में अधिक सक्रिय, खतरा देखते ही झाडिय़ों में छिप जाता है
माउस डियर बेहद शर्मीला और सतर्क वन्यजीव है। यह सामान्यत: दिन के समय घनी झाडिय़ों और सुरक्षित स्थानों में छिपा रहता है तथा शाम और रात के समय भोजन की तलाश में बाहर निकलता है। खतरे का आभास होते ही तेजी से झाडिय़ों में छिप जाता है। यही वजह है कि जंगल में इसे प्रत्यक्ष देख पाना काफी मुश्किल होता है और इसकी मौजूदगी दर्ज करने में ट्रैप कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पहले भी कैमरा ट्रैप में दर्ज हो चुकी है मौजूदगी
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016-17 के दौरान उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में किए गए कैमरा ट्रैप सर्वे में भी भारतीय माउस डियर की 13 तस्वीरें प्राप्त हुई थीं। इस अध्ययन में लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ में इसकी मौजूदगी का फोटोग्राफिक प्रमाण सामने आया था। ऐसे में रिजर्व के ट्रैप कैमरे में इसकी मौजूदगी दर्ज होना वन्यजीवों की निगरानी और संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण है।माउस डियर जैसे छोटे वन्यजीव जंगल की खाद्य श्रृंखला और प्राकृतिक पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके सुरक्षित प्राकृतिक आवास, घनी झाडिय़ों, जलस्रोतों और वनस्पतियों का संरक्षण जरूरी है। साथ ही अवैध शिकार और मानवीय हस्तक्षेप पर नियंत्रण भी आवश्यक है।
