सर्व आदिवासी समाज भवन में बोर खनन एवं शौचालय निर्माण हेतु हुआ भूमिपूजन:अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की त्वरित पहल से वर्षों पुरानी समस्या का होगा समाधान

नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 13 स्थित सर्व आदिवासी समाज भवन में पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव को दूर करने की दिशा में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की पहल पर महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। समाज भवन परिसर में बोर खनन कार्य पूर्ण होने के साथ ही शौचालय निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
ज्ञात हो कि रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष उमेश देव, हृदय नाग, नरेश छेदहिया, आर.एल. देव, संतोष गंगेश युवा प्रभाग अध्यक्ष संतराम नेताम, गीतेश्वर ध्रुव सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के समक्ष समाज भवन में पानी एवं शौचालय की कमी से होने वाली कठिनाइयों को प्रमुखता से रखा था। समाजजनों ने बताया कि विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के दौरान इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में महिलाओं, बुजुर्गों एवं आगंतुकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।समाज की इस महत्वपूर्ण मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपनी अध्यक्ष निधि से ₹2 लाख की राशि से बोर खनन कार्य की अनुशंसा की, जिसके फलस्वरूप समाज भवन में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो गई। वहीं अधोसंरचना मद से ₹2 लाख की लागत से शौचालय निर्माण की स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन भी संपन्न कराया गया।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक समाज भवन में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। समाज भवन केवल भवन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपराओं के केंद्र होते हैं। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, इसी उद्देश्य से त्वरित निर्णय लेकर कार्य प्रारंभ कराया गया है।समाजजनों ने कहा कि उनकी मांग पर इतनी शीघ्र स्वीकृति एवं कार्यवाही होना जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील कार्यशैली का परिचायक है। वर्षों से महसूस की जा रही इस आवश्यकता के पूर्ण होने से समाज में हर्ष का वातावरण है।इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद यशकरण पटेल, अंबिका ध्रुव, अश्विनी निषाद, शंकरदेव देव देवचरण ध्रुव अलका साव डागेश्वरी साहू मिक्की गुप्ता जयंती टुकेश्वरी साहू सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।कार्य की त्वरित स्वीकृति एवं जनहित के प्रति संवेदनशील पहल के लिए सर्व आदिवासी समाज ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा तथा नगर पंचायत के समस्त जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

