चालीस दिन बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, महापौर रामू रोहरा ने गांधी मैदान पहुंचकर पटवारी संघ के पदाधिकारियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद बनी सहमति, वेतन एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के निराकरण के लिए गठित होगी समिति

धमतरी। छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 40 दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे पटवारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद 22 नवंबर को आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। लंबे समय से जारी इस आंदोलन के स्थगित होने पर धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा आज गांधी मैदान पहुंचे और पटवारी संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि पटवारी राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने, किसानों की समस्याओं के निराकरण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पिछले 40 दिनों से जारी हड़ताल के कारण आम जनता को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में आंदोलन का स्थगित होना और संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ना सकारात्मक पहल है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील है। पटवारी संघ की वेतन विसंगति, पदोन्नति सहित अन्य मांगों पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए समिति बनाए जाने की पहल स्वागतयोग्य है। लोकतंत्र में अपनी मांगों को रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन आपसी संवाद, समन्वय और सकारात्मक पहल से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।उन्होंने सभी पटवारी साथियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही उम्मीद जताई कि शासन और पटवारी संघ के बीच बेहतर समन्वय से शेष मांगों का भी शीघ्र निराकरण होगा।

