Uncategorized

ग्रीन पैकेजिंग में MSME के लिए अवसर एवं व्यावहारिक तरीके” विषय पर कार्यशाला संपन्न

धमतरी, 26 नवम्बर 2025।केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के सहयोग से तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC) धमतरी के सह-आयोजन में RAMP योजना अंतर्गत “ग्रीन पैकेजिंग में MSME के लिए अवसर एवं व्यावहारिक तरीके” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होटल The Ginger Leaf, गंगरेल रोड, धमतरी में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. सी.पी. दुबे, प्रेसिडेंट, लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री आलोक साहू, संस्था प्रमुख, CIPET रायपुर द्वारा की गई। इस अवसर पर श्री प्रशांत चंद्राकर, महाप्रबंधक, DTIC धमतरी तथा श्री अरविंद तिवारी, सहायक निदेशक, MSME भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला में जिले एवं आसपास के विभिन्न MSME उद्यमियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों तथा औद्योगिक संगठनों से जुड़े लगभग 45 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यशाला में ग्रीन पैकेजिंग उद्योग की संभावनाओं, तकनीकी पहलुओं, विनिर्माण प्रक्रियाओं, प्रमाणन प्रणाली तथा बाजार उपलब्धताओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य वक्ता श्री रेहान अली ने वेस्ट प्रोडक्ट से बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग सामग्री तैयार करने की उन्नत तकनीक, उनकी उपयोगिता तथा हरित पैकेजिंग के बढ़ते बाजार पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं सरकारी नीतियों के कारण प्लास्टिक के विकल्प के रूप में ग्रीन पैकेजिंग का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, जो MSME के लिए व्यापक रोजगार एवं उद्यम अवसर उपलब्ध कराता है।

सुश्री सस्मिता मिश्रा (CIPET – टेस्टिंग विभाग) ने ग्रीन पैकेजिंग की अवधारणा, बायोडिग्रेडेबल उत्पादों के मानक एवं प्रमाणन प्रक्रिया, गुणवत्ता जांच तथा इस क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की आवश्यक औद्योगिक ढांचागत जरूरतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र न सिर्फ आर्थिक दृष्टि से लाभदायक है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण, कचरा प्रबंधन एवं कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा संभावित उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आयोजकों ने उपस्थित उद्यमियों को ग्रीन पैकेजिंग के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी उन्नयन और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!