Uncategorized

सेना में भर्ती हेतु अधिसूचना जारी, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ होकर 1 अप्रैल तक की जाएगी संचालित

धमतरी। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जानकारी दी गई है कि भारतीय सेना में भर्ती के लिए 13 फरवरी को अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ होकर 1 अप्रैल तक संचालित की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिसूचना के अंतर्गत अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी), तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन (दसवीं पास), ट्रेड्समैन (आठवीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) एवं सिपाही फार्मा के पदों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (उएए) का आयोजन संभावित रूप से 1 जून से 10 जून के मध्य किया जाएगा। परीक्षा की तिथि एवं अन्य विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप) में हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा स्पष्टीकरण हेतु दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है। भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं योग्यता आधारित है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के दलाल अथवा भ्रामक व्यक्तियों के संपर्क में न आएं तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट और कार्यालय से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!