नगरी में शुरू होगी शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना,असंगठित मजदूरों को बड़ी राहत – नंप अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा

नगरी। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है। शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के अंतर्गत अब नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में भी मात्र 5 में गरम और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण योजना के संचालन से दिहाड़ी मजदूरों, राजमिस्त्रियों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों तथा अन्य असंगठित कर्मकारों को प्रतिदिन भरपेट भोजन की सुविधा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ शासन तथा जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा (कलेक्टर, धमतरी) की पहल पर यह योजना नगरी में प्रारंभ की जा रही है। जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग के समन्वय से योजना को शीघ्र ही धरातल पर उतारा जाएगा।
मजदूरों को मिलेगी भोजन की चिंता से मुक्ति
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने योजना का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के असंगठित मजदूर दिनभर कड़ी मेहनत करने के बाद समय के अभाव में कई बार भोजन नहीं बना पाते। ऐसे में यह योजना उनके लिए वरदान सिद्ध होगी। मात्र ₹5 में दाल-भात और सब्जी जैसा गरम, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध होने से उन्हें भोजन की चिंता से मुक्ति मिलेगी और उनकी कार्य क्षमता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना सामाजिक संवेदनशीलता और श्रमिक हितों के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन की सुविधा प्राप्त होगी।
श्रम विभाग और प्रशासन का आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने इस जनहितकारी योजना को नगरी में संचालित करने हेतु श्रम विभाग, जिला प्रशासन तथा कलेक्टर अविनाश मिश्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के मजदूर भाइयों के लिए यह एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना के सफल संचालन से नगरी क्षेत्र के श्रमिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
योजना प्रारंभ होने के बाद नगरी नगर में एक निर्धारित स्थान पर नियमित रूप से भोजन वितरण किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद असंगठित श्रमिक इसका लाभ उठा सकें।