शिव चौक से शिवाजी चौक और म्युनिसिपल स्कूल तक बनेगी बीटी रोड, स्वीकृति मिलते ही वार्ड में खुशी की लहर
महापौर रामू रोहरा ने दिलाई स्वीकृति, पार्षद मेघराज ठाकुर का चुनावी वादा हुआ पूरा

धमतरी। रिसाई पारा पूर्व के बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण का सपना अब महापौर रामू रोहरा के प्रयास सेसाकार होने जा रहा है। शिव चौक से शिवाजी चौक तथा शिव चौक से म्युनिसिपल स्कूल चौक तक बीटी रोड निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण कार्य के स्वीकृत होने से वार्डवासियों में हर्ष का वातावरण है और लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान होने की उम्मीद जगी है।
वार्ड पार्षद मेघराज ठाकुर ने बताया कि उन्होंने निगम चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में इन जर्जर और उपेक्षित मार्गों के निर्माण का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद से ही वे लगातार इस दिशा में प्रयासरत थे और महापौर रामू रोहरा के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखा गया। महापौर द्वारा शासन और निगम स्तर पर लगातार पहल और समन्वय के परिणामस्वरूप अब इन सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
पार्षद मेघराज ठाकुर ने महापौर रामू रोहरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति रिसाई पारा पूर्व के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण लोगों को धूल, कीचड़ और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब बीटी रोड बनने से नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में धमतरी शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है, जिससे शहर की आधारभूत संरचना मजबूत हो रही है। पार्षद ने विश्वास जताया कि आगामी समय में भी क्षेत्र के अन्य लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।वार्डवासियों ने भी सड़क निर्माण की स्वीकृति पर महापौर और पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।


