रत्नाबांधा में आधुनिक मछली हाट-बाजार निर्माण की मांग को लेकर जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने सौंपा ज्ञापन

धमतरी। ग्राम पंचायत रत्नाबांधा में स्थानीय मछुआरों की आजीविका, सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त मछली हाट-बाजार निर्माण की मांग उठी है। क्षेत्र क्रमांक-15 के जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मांग पत्र सौंपकर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, डीएमएफ एवं अन्य शासकीय योजनाओं के तहत बाजार निर्माण कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्थानीय मछुआरे मुख्य सड़क किनारे बैठकर मछली विक्रय करने को मजबूर हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। वहीं, फोरलेन सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से भविष्य में सड़क किनारे व्यापार करना संभव नहीं रहेगा, जिससे मछुआरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है।
जनपद सदस्य ने कहा कि आधुनिक हाट-बाजार बनने से मछुआरों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यापारिक स्थल मिलेगा, साथ ही स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र स्वीकृति और उच्च विभागों को अनुशंसा भेजने का अनुरोध किया है।

