महापौर रामू रोहरा ने वीर गोगाजी महाराज की पूजा-अर्चना कर भोजली शोभायात्रा में लिया हिस्सा
वाल्मीकि कल्याण समाज द्वारा सावन महोत्सव के अवसर पर निकाली गई भव्य भोजली शोभायात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
-

धमतरी- सावन महोत्सव के पावन अवसर पर वाल्मीकि कल्याण समाज, धमतरी के तत्वावधान में भव्य भोजली शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा शामिल हुए। उन्होंने सर्वप्रथम जहार वीर गोगाजी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इसके पश्चात महापौर रामू रोहरा भोजली शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा महर्षि वाल्मीकि मंदिर, गणेश चौक से प्रारंभ होकर सदर बाजार होते हुए मकाई तालाब तक निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भोजली पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा और सद्भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने वाल्मीकि कल्याण समाज द्वारा आयोजित सावन महोत्सव एवं भोजली शोभायात्रा की सराहना करते हुए सभी समाजजनों को शुभकामनाएं दीं।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भोजली माता की पूजा-अर्चना की तथा सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन में समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

