जनहित में एक और कदम, शिव शंकर रामायण मंडली के पास बनेगा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन
वार्डवासियों की मांग हुई पूरी, 4 लाख 50 हजार की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन

नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 15 स्थित शिव शंकर रामायण मंडली के पास सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह भवन 4 लाख 50 हजार की लागत से निर्मित किया जाएगा।
पिछले गणेश चतुर्थी पर्व के अवसर पर शिव शंकर रामायण मंडली के सदस्यों द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं वार्ड पार्षद हरीश साहू को सामुदायिक भवन निर्माण हेतु मांग पत्र सौंपा गया था। जिस पर त्वरित पहल करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं पार्षद द्वारा अधोसंरचना मद से राशि स्वीकृत कर वार्डवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया।
सामुदायिक भवन निर्माण की सौगात मिलने पर शिव शंकर रामायण मंडली के अध्यक्ष दिनेश साहू, उद्धव लाल साहू, भोला साहू एवं चंद्रहास साहू सहित सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत नगरी के समस्त पार्षदों एल्डरमैन का आभार व्यक्त किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड की बुजुर्ग महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना एवं वार्डवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करना हमारी पहली जिम्मेदारी है। वार्डवासियों द्वारा पूर्व में टिन शेड की मांग की गई थी, जिसे तत्काल पूरा किया गया और अब सामुदायिक भवन की मांग भी पूरी हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन का उपयोग वार्डवासी अपने सुख-दुख, शादी-विवाह, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए कर सकेंगे, जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी।भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद हरीश साहू अश्वनी निषाद शंकर देव देवचरण ध्रुव नरेश पटेल चेलेश्वरी साहू मिक्की गुप्ता जयंती टुकेश्वरी साहू एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति सहित शिव शंकर रामायण मंडली के सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
