Uncategorized

एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मानवता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध महिला को सुरक्षित उपचार हेतु राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी, बिलासपुर पहुंचाया

डायल-112 एवं चौकी बिरेझर पुलिस की तत्परता से भटकती मिली अज्ञात वृद्ध महिला को मिला सहारा, न्यायालयीन आदेश के बाद कराया गया उच्च स्तरीय उपचार हेतु भर्ती

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवता एवं जनसेवा के कार्यों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी क्रम में चौकी बिरेझर पुलिस ने एक सराहनीय एवं संवेदनशील कार्य करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अज्ञात वृद्ध महिला को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया।
16 जुलाई की रात्रि में ग्राम चिवरी में लगभग 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में भटकती हुई मिली। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना डायल-112 को दी गई, जिस पर डायल-112 की टीम एवं चौकी बिरेझर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर चौकी बिरेझर लाई।महिला से उसका नाम एवं पता पूछने का प्रयास किया गया, किन्तु मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोई जानकारी देने में असमर्थ रही। इसके बाद पुलिस द्वारा महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे जिला चिकित्सालय धमतरी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों द्वारा उच्च स्तरीय मानसिक उपचार की आवश्यकता बताए जाने पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर माननीय न्यायालय द्वारा महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में उपचार हेतु भर्ती कराने के आदेश पारित किए गए।न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए चौकी बिरेझर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक ईशु कुमार साहू एवं महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में उक्त महिला को सुरक्षित रूप से राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी, बिलासपुर पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार प्रारंभ कराया गया।
धमतरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कहीं कोई बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ, वृद्ध अथवा जरूरतमंद व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 को सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई आशा ला सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!