Uncategorized

उप जेल बीजापुर और नारायणपुर का होगा उन्नयन, अब बनेगा जिला जेल

राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, बंदियों, परिजनों और प्रशासन को मिलेंगे कई महत्वपूर्ण लाभ


रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जेल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उप जेल बीजापुर एवं उप जेल नारायणपुर का जिला जेल के रूप में उन्नयन (अपग्रेड) करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इस निर्णय से बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं उनके परिजनों और प्रशासन को भी व्यापक लाभ मिलेगा। जेल डीजी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जिला जेल बनने के बाद बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण (वोकेशनल ट्रेनिंग), कौशल विकास और पुनर्वास कार्यक्रमों से जोड़कर मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे। इस फैसले से बंदियों के परिजनों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें मुलाकात के लिए दंतेवाड़ा या जगदलपुर जैसी दूरस्थ जेलों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही मुलाकात की सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के गरीब परिवारों को लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। प्रशासनिक दृष्टि से भी यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैदियों को एक जिले से दूसरे जिले ले जाने की आवश्यकता कम होने से सुरक्षा जोखिम घटेगा और एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगने वाले पुलिस बल की बचत होगी। बचाए गए पुलिस बल का उपयोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी अन्य कार्यों में किया जा सकेगा। जिला जेल बनने के साथ ही जेल अधीक्षक, जेलर, जेल प्रहरी, चिकित्सा अधिकारी और अन्य कर्मचारियों के नए पद सृजित होने की संभावना है। इससे स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी तथा जेलों के बुनियादी ढांचे का भी विस्तार किया जाएगा। राज्य शासन के इस निर्णय को बस्तर संभाग में न्यायिक एवं कारागार व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और जनहितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

” उप जेल बीजापुर और उप जेल नारायणपुर को जिला जेल में उन्नत करने से बंदियों के लिए सुविधाओं में इजाफा, जेल की बंदी क्षमता में वृद्धि, उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं, सुधार एवं कौशल विकास, परिजनों को सुविधा, सुरक्षा जोखिम में कमी, बल की बचत एवं सुरक्षा व बुनियादी ढांचे का विकास होगा।ÓÓ
हिमांशु गुप्ता
डीजी – जेल छत्तीसगढ़

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!