अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन और रुद्री-गंगरेल-कुकरेल मार्ग चौड़ीकरण के लिए 81 करोड़ की स्वीकृति,महापौर का किया गया आत्मीय अभिनंदन

धमतरी- अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन सड़क निर्माण तथा रुद्री से गंगरेल होते हुए कुकरेल तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 81 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर रुद्री ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति के लिए ग्रामवासियों ने नगर निगम पहुंचकर धमतरी महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
ग्रामवासियों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और बेहतर आवागमन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस मार्ग के फोरलेन एवं चौड़ीकरण से धमतरी शहर सहित रुद्री, गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से क्षेत्र के विकास को लगातार नई दिशा मिल रही है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए महापौर का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण से आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।महापौर रामू रोहरा ने ग्रामवासियों के स्नेह और अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मजबूत अधोसंरचना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। शासन द्वारा 81 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलना धमतरी जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान संरक्षक जागेंद्र साहू,अध्यक्ष अमित वर्मा,कोषाध्यक्ष कृष्णा साहू,सह सचिव सुनील अहीर,सरपंच लक्ष्मी बया, उपसरपंच शुभम साहू,
सदस्य गण योगेश्वर सेन,सैलेंद्र सेन,रोहित साहू,सत्यम निर्मलकर,भोला सेन,सत्येंद्र गुप्ता,धनेश निर्मलकर,यध्यंत निर्मलकर,सालिक साहू, जीवून यादव,नवनीत महंत, निर्मल साहू,अनुराग जैन उपस्थित थे।