Uncategorized

गंदे पानी की शिकायत पर महापौर ने वार्डों में पहुंचकर लिया जायजा

रामसागरपारा और नयापारा में पेयजल व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश, 15 कनेक्शन पुरानी लाइन से नई लाइन में किए शिफ्ट

धमतरी। रामसागरपारा एवं नयापारा वार्ड में गंदे पानी की शिकायत मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। महापौर रामू रोहरा एवं जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने दोनों वार्डों का दौरा कर मौके पर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे चर्चा कर समस्या की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पेयजल लाइन से जुड़ी समस्याओं की जांच की गई। इस दौरान करीब 15 पेयजल कनेक्शनों को पुरानी लाइन से नई लाइन में शिफ्ट किया गया, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सके।

महापौर रामू रोहरा ने कहा स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का अधिकार, शिकायत मिलते ही होगा तत्काल समाधान

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रामसागरपारा एवं नयापारा वार्ड में गंदे पानी की शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों और जल विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजकर स्थिति की जांच कराई गई। आज स्वयं वार्ड में पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया है। जहां पाइपलाइन या कनेक्शन से संबंधित समस्या सामने आई है, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता, इसलिए नगर निगम की टीम को मौके पर जाकर नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के किसी भी वार्ड से पेयजल, सफाई, सड़क, नाली या अन्य मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायत प्राप्त होती है तो उसे प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुरानी एवं जर्जर पाइपलाइनों के कारण कहीं-कहीं पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसी जगहों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुधार एवं पाइपलाइन बदलने का कार्य कराया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि धमतरी शहर के प्रत्येक घर तक नियमित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचे।
महापौर ने वार्डवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि पेयजल व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नगर निगम को तत्काल इसकी जानकारी दें, ताकि टीम को मौके पर भेजकर समय पर समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण ही नगर निगम की कार्यशैली का मूल उद्देश्य है।

जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा—शिकायत मिलते ही मौके पर कार्रवाई

जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि वार्डवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। शिकायत मिलते ही जल विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्या की जांच की जाती है और आवश्यकतानुसार तत्काल सुधार कार्य कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि आज के निरीक्षण के दौरान करीब 15 कनेक्शनों को पुरानी लाइन से नई लाइन में शिफ्ट किया गया है। इससे संबंधित परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि जल विभाग का लगातार प्रयास है कि शहर के किसी भी नागरिक को पेयजल को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम प्रशासन द्वारा पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा शिकायत वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!