धमतरी में कल हर्षोल्लास से मनाया जायेगा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, तुलसीदल व पुष्पो से भगवान अभिषेक प्रारंभ
श्री बांके बिहारी मंदिर में सप्ताहभर होंगे धार्मिक आयोजन, श्रीराम जानकी मठ मंदिर में भी होंगे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान
3 सितंबर को 12 घंटे का अभिषेक, रात 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव और महाआरती

धमतरी। धमतरी में कल हर्षोल्लास से श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जायेगा। श्री बांके बिहारी मंदिर न्यास, धमतरी एवं श्री अयोध्यावासी स्वर्णकार समाज के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत आज भगवान श्री बांके बिहारीलाल का तुलसीदल एवं पुष्पों से 12 घंटे का अभिषेक से होगा। यह अभिषेक सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। मुख्य कार्यक्रम 4 सितंबर को आयोजित होगा। सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए भगवान के भव्य दर्शन होंगे। सुबह 7:30 बजे मंगल आरती होगी, जबकि सुबह 10 बजे से रात्रि 12 बजे तक छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रि 9 बजे से पंडित अशोक शास्त्री द्वारा संगीतमय प्रवचन होगा। इसके बाद ठीक रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, महामंगल आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
महिलाओं के लिए सप्ताहभर विशेष कार्यक्रम
जन्मोत्सव सप्ताह के दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 4 सितंबर: आटे का दीया सजाओ प्रतियोगिता (दोपहर 1 से 2 बजे), बच्चों की फैंसी ड्रेस (4 से 5 बजे) एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता (5 से 6 बजे) 5 सितंबर महिलाओं का एकल भजन (शाम 6 से 8 बजे) 6 सितंबर सामूहिक भजन (शाम 6 से 8 बजे) 7 सितंबर महिलाओं की अंताक्षरी (शाम 6 से 8 बजे) 8 सितंबर महिलाओं का सोलह श्रृंगार कार्यक्रम (शाम 6 से 8 बजे) होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. एन.पी. गुप्ता सहित न्यासी सुरेश प्रसाद गुप्ता, विनीत गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, दीपक गुप्ता, संतोष सोनी एवं अनिल गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य बनाने की अपील की है।
श्री राम जानकी मठ मंदिर में 4 सितंबर को धूमधाम से मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
श्री राम जानकी मठ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार, 4 सितंबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के अवसर पर मंदिर में दिव्य सत्संग, भजन-कीर्तन, महाअभिषेक, महाआरती एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। आयोजन समिति ने नगरवासियों से परिवार एवं इष्ट मित्रों के साथ पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध संत पं. श्री हरि शरण दास वैष्णव के सान्निध्य में दिव्य सत्संग एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा और जन्माष्टमी की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लासपूर्ण वातावरण रहेगा। रात्रि 9:30 बजे: सत्संग एवं भजन संध्या, रात्रि 11:00 बजे: प्रभु श्रीकृष्ण महाअभिषेक, मध्यरात्रि 12 बजे: जन्मोत्सव, महाआरती एवं प्रसाद वितरण होगा।
