Uncategorized

132 करोड़ से अधिक विकास कार्यों की स्वीकृति पर माँ विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे महापौर रामू रोहरा

भाजपा पार्षदों के साथ की पूजा-अर्चना, मंदिर ट्रस्ट ने किया अभिनंदन, गोकुलपुर चौक में वार्डवासियों ने रुद्री रोड के चौड़ीकरण की स्वीकृति पर जताया आभार


धमतरी । तीन दिनों के भीतर धमतरी अंचल के लिए 132 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने के बाद महापौर रामू रोहरा बीजेपी पार्षदों के साथ धमतरी अंचल की आराध्य देवी माँ विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे। महापौर ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने महापौर का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में शहर को और बेहतर सड़क, यातायात, जल व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माँ विन्घ्वासिनी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से धमतरी के विकास का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
महापौर ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर की धार्मिक महत्ता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने संबंधित लोगों से क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। इसके बाद महापौर रामू रोहरा गोकुलपुर चौक पहुंचे, जहां वार्डवासियों ने रुद्री रोड के चौड़ीकरण, गौरवपथ की स्वीकृति मिलने पर उनका स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से रुद्री मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ यातायात का दबाव भी कम होगा। महापौर ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी की जनता ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए बड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम लगातार जारी है। सड़क, नाली, पेयजल, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!