Uncategorized

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक सुश्री अराधना पटनायक ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा

प्रमुख बीमारियों के उन्मूलन एवं नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयासों पर दिया जोर

धमतरी- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन निदेशक सुश्री अराधना पटनायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) तथा आयुष विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
इस अवसर पर सुश्री पटनायक ने कहा कि देश को टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, सिकल सेल तथा एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों से मुक्त या नियंत्रित करने का लक्ष्य है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, समुदाय और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उपचार, जागरूकता और सतत निगरानी के माध्यम से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
मिशन निदेशक ने मीज़ल्स-रूबेला, एचपीवी तथा एमएमआर जैसे टीकाकरण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने, शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, पोषण सेवाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, विशेष स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, सिकल सेल एवं टीबी स्क्रीनिंग, कुपोषण नियंत्रण तथा जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
समीक्षा बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राप्त किए जाने वाले प्रमाणन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध उपलब्धि तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए रणनीति तय की गई। सुश्री पटनायक ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और संवेदनशील प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में राज्य स्तर से संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संदीव झा, राज्य क्षय रोग अधिकारी, एसपीएम एनएचएम डॉ. भरत राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!