Uncategorized

डी.पी.एस. में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व:नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों से बांधा समां

विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है- धीरज अग्रवाल

धमतरी। देहली पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण, गोप-गोपिकाओं तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान मटकी फोड़ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों और मनमोहक अभिनय ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
विद्यालय के निदेशक धीरज अग्रवाल एवं श्रीमती निधि अग्रवाल ने भी सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं कर्मयोग के संदेश को समझने और अपने जीवन में अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उप-प्राचार्य श्रीमती देबअर्चना राय ने सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!