पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति हुआ त्वरित गिरफ्तार

आरोपी ने शराब पीने से मना करने पर पत्नी के सिर पर हथौड़े से किए कई वार,पत्नी गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा एवं अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य किया जब्त
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर जिले में अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के तहत थाना मगरलोड पुलिस द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को तत्काल गिरफ्तार किया गया है।
2 सितंबर 2026 की रात ग्राम भैसमुंडी निवासी आरोपी चम्मन लाल साहु पिता डोमार राम साहू 36 वर्ष शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों द्वारा तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम द्वारा घायल महिला को तत्काल सीएचसी मगरलोड पहुंचाया गया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर थाना मगरलोड पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया गया, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन लिए गए तथा घायल महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।पुलिस टीम द्वारा आरोपी चम्मन लाल साहु को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन के आधार पर आरोपी की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा को गवाहों के समक्ष बरामद कर विधिवत जब्त किया गया.
इसके अलावा घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।
▪️
