Uncategorized

धमतरी में होगा ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’, युवाओं को मिलेगा डिजिटल कौशल और रचनात्मकता को नई दिशा देने का मंच

5 एवं 6 सितंबर को आयोजित होगा दो दिवसीय आयोजन; प्रदेशभर के कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स एवं डिजिटल स्टोरीटेलर्स होंगे शामिल

धमतरी- युवाओं में रचनात्मकता, डिजिटल कौशल, नवाचार और अभिव्यक्ति की क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला प्रशासन धमतरी द्वारा ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ का आयोजन 5 एवं 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा। आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं और डिजिटल क्रिएटर्स को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने अनुभव, कौशल और रचनात्मक विचारों को साझा कर सकेंगे।
दो दिवसीय इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स, ब्लॉगर्स, व्लॉगर्स एवं डिजिटल स्टोरीटेलर्स के शामिल होंगे । इनमें कंटेंट क्रिएटर्स खिलेश्वर धमतरी, विशाल सागर, बस्तर, दीपक पटेल बिलासपुर,शुभम जगदलपुर, अनुपम सिन्हा दुर्ग और दोमेन्द्र निषाद धमतरी आदि शामिल होंगे । कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी और सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करना तथा स्थानीय कला, संस्कृति, पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य, लोक परंपराओं और विकास की कहानियों को रचनात्मक डिजिटल माध्यमों से व्यापक पहचान दिलाना है।
‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल कंटेंट निर्माण, कहानी कहने की कला, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, व्यक्तिगत ब्रांडिंग तथा स्थानीय विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने जैसे क्षेत्रों में सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्रतिभागियों के बीच संवाद, नेटवर्किंग और सहयोग की संभावनाएं भी विकसित होंगी.
धमतरी जिला अपनी प्राकृतिक संपदा, गंगरेल जलाशय, वनांचल, ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति और पर्यटन स्थलों के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। ऐसे आयोजन जिले की इन विशेषताओं को नई पीढ़ी के डिजिटल क्रिएटर्स से जोड़ते हुए उन्हें व्यापक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार, उद्यमिता और डिजिटल अवसरों की संभावनाओं को भी मजबूत किया जा सकता है।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में युवाओं की रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। “धमतरी में आयोजित ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ केवल एक रचनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल उन्नयन, विचारों के आदान-प्रदान और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की पहल है। हमारा प्रयास है कि युवा अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग सकारात्मक सामाजिक संदेशों, स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और विकास की उपलब्धियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में करें। ऐसे मंच युवाओं को सीखने, जुड़ने और नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करेंगे।जिला प्रशासन ने प्रदेशभर के डिजिटल क्रिएटर्स से इस आयोजन में सहभागिता कर धमतरी की रचनात्मक और डिजिटल पहचान को नई ऊंचाई देने का आह्वान किया है। आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए संपर्क नंबर +91 78060 83218 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!