तरसीवां में गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो, धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
महापौर रामू रोहरा ने पूजा-अर्चना कर दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं, कहा श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा

धमतरी/तरसीवां। झिरिया यादव समाज तरसीवां, राधा-रुक्मणि स्व-सहायता समूह, ग्राम पंचायत, ग्राम विकास समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेश यादव, अध्यक्ष झिरिया यादव समाज तरसीवां ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अंगिरा ध्रुव, जनपद अध्यक्ष, श्रीमती भारती चन्द्रहास साहू, जनपद सदस्य, श्रीमती झमित उमेश साहू, सरपंच, भुनेश्वर सिन्हा, उपसरपंच एवं सरोज यादव, अध्यक्ष ग्राम विकास समिति उपस्थित रहे।
कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा गांव भक्तिमय माहौल में नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक आयोजन में सहभागिता निभाई।
महापौर रामू रोहरा ने कहा भगवान श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि कर्म, सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा हैं। श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। जन्माष्टमी का यह पावन पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।तरसीवां की पावन धरती पर ग्रामवासियों द्वारा जिस श्रद्धा, उत्साह और एकजुटता के साथ कृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया गया है, वह हमारी समृद्ध संस्कृति और सामाजिक एकता की सुंदर मिसाल है। गांव की तरक्की तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग मिलकर विकास की दिशा में आगे बढ़ें। मैं क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों के लिए सदैव पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके साथ खड़ा हूं।
भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से तरसीवां सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा हर परिवार के जीवन में आनंद का संचार हो—यही मेरी हृदय से कामना है।महापौर ने आयोजन समिति, यादव समाज, ग्राम पंचायत, ग्राम विकास समिति, स्व-सहायता समूह एवं समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।