अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
अब तक अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 5 वाहन जब्त; 309 प्रकरणों में 89.64 लाख अर्थद

धमतरी- विगत 2 सितंबर को ग्राम अछोटा, कोलियारी, अमेठी, परसुली एवं आसपास के क्षेत्रों में खनिज अमले द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 5 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अर्थदण्ड वसूली की कार्रवाई की जा रही है। खबर पर खनिज विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में जांच एवं कार्रवाई की गई है।
309 प्रकरणों में 89.64 लाख रुपये अर्थदण्ड की वसूली
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3 सितंबर 2026 तक खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के कुल 309 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में 89 लाख 64 हजार 281 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर खनिज मद में जमा कराया गया है तथा नियमानुसार प्रकरणों का प्रशमन किया गया है।
उड़नदस्ता दल द्वारा लगातार निगरानी
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा निरंतर जांच एवं निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में आकस्मिक जांच के साथ ही प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभागीय अमला लगातार क्षेत्रीय निगरानी एवं जांच की कार्रवाई कर रहा है।