वार्ड स्तर पर सामुदायिक भवनो के रखरखाव व संचालन हेतु बनेगी समिति, निगम को मेंटेनेन्स के अतिरिक्त खर्च से मिल पायेगी राहत
वार्ड स्तर पर ही हो पायेगा बेहतर रखरखाव, पार्षद होंगे समिति के अध्यक्ष, सहा. रा.नि. होंगे वार्ड प्रभारी, अन्य 5 नागरिक होंगे समिति मे

धमतरी। निगम कमिश्नर द्वारा द्वारा अब वार्डो मे बने सामुदायिक भवानों के बेहतर मैंनेजमेंट की दिशा मे प्रयास किया जा रहा है. इसी कड़ी मे निगम कमिश्नर प्रिया गोयल द्वारा मेयर इन काउंसिल क़े समक्ष एक सुझाव रखा कि निगम अंतर्गत आने वाले सभी सामुदायिक भवानों क़े मेंटेनेन्स की जिम्मेदारी वार्ड स्तर पर ही समिति बनाकर किया जाये. जिसकी एम आई सी की बैठक मे सदस्यों ने सराहना की है. बता दे कि निगम अंतर्गत लगभग 33 सामुदायिक भवन है जिनके रखरखाव की जिम्मेदारी अभी निगम की उठानी पड़ती है. जिससे निगम का व्यय बढ़ जाता है. ऐसे मे वार्ड स्तर पर ही एक समिति बनाया जाये जिसमे वार्ड पार्षद अध्यक्ष हो सहा. रा.नि. होंगे वार्ड प्रभारी और वार्ड क़े ही 5 वरिष्ठ नागरिको को समिति मे शामिल किया जाये और उक्त समिति द्वारा ही सामुदायिक भवन क़े उपयोग की राशि तय की जाये जिससे भवन क़े स्वच्छता पानी बिजली बिल आदि का खर्च निकला जा सके। निगम द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है जिसके तहत सामुदायिक/सांस्कृतिक भवन की सम्पूर्ण देखरेख की जिम्मेदारी कमेटी की होगी। भवन में होने वाले विभिन्न आयोजन की स्वीकृति, अनुमति आवेदक एवं वार्डवासी को गठित कमेटी से लेनी होगी। गठित कमेटी द्वारा भवन में होने वाले विभिन्न आयोजन की अनुमति/स्वीकृति के लिए शुल्क निर्धारित किया जा सकेगा। विभिन्न कार्यक्रमों के लिए शुल्क निर्धारण के पश्चात् इसकी जानकारी पृथक से कमेटी के द्वारा आयोजन के विभिन्न स्वरूप अनुसार निगम को अनिवार्य रूप से दी जावेगी। गठित कमेटी द्वारा भवन में होने वाले विभिन्न आयोजन के लिए निर्धारित राशि जमा कराकर शुल्क की रसीद आवेदक को प्रदाय कर सकेगा। शुल्क जमा कराने से संबंधित समस्त दायित्व सचिव का होगा। गठित कमेटी, भवन में होने वाले प्रत्येक आयोजन के पश्चात् साफ-सफाई कराकर परिसर को स्वच्छ रखेंगे तथा यूजर चार्ज भी कमेटी द्वारा जमा किया जायेगा। नल कनेक्शन का उपयोग करने पर जल शुल्क भी कमेटी द्वारा जमा कराया जावेगा। गठित कमेटी द्वारा भवन में विभिन्न आयोजन से प्राप्त होने वाले शुल्क की राशि से ही विद्युत देयक का भुगतान करना होगा। गठित कमेटी द्वारा भवन में विभिन्न आयोजन से प्राप्त होने वाले शुल्क की राशि से साधारण मरम्मत / संधारण, रंगाई, पुताई इत्यादि भवन के उचित रखरखाव के उददेश्य से किया जायेगा। भवन में बड़ी क्षति या बड़े स्वरूप से मरम्मत संधारण का कार्य नगर निगम के द्वारा किया जायेगा। गठित कमेटी द्वारा भवन में लगे विद्युत मीटर को कमेटी के नाम पर ट्रान्सफर किया जावेगा। गठित कमेटी द्वारा भवन में विभिन्न आयोजन से प्राप्त होने वाले शुल्क की राशि से सुरक्षा की दृष्टिगत रखते हुए सीसीटीवी कैमरा व सुरक्षाकर्मी रख सकेगा। गठित कमेटी द्वारा भवन में होने वाले विभिन्न आयोजन को यथासंभव प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर चयन कर सकेगा। अन्य परिस्थितियों में शोक कार्यक्रय या इससे संबंधित कार्यों को प्राथमिकता क्रम पर रख सकेगा। सचिव का दायित्व होगा कि आयोजन से होने वाले समस्त प्राप्त राशि एवं व्यय राशि का लेखा-जोखा रखेगा तथा इसका पंजी संधारण करेगा। व्यय/भुगतान किये जाने वाले समस्त देयक को सुरक्षित रखकर नगर निगम के लेखा विभाग से छैमासिक ऑडिट कराना होगा। किसी प्रकार के वाद-विवाद होने के स्थिति में गठित समिति के द्वारा निराकरण का निर्णय लिया जा सकेगा परन्तु अधिक वाद-विवाद की स्थिति में आयुक्त, नगर पालिक निगम, धमतरी का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। भवन में असामाजिक गतिविधि जैसे नशा व मादक पदार्थों का सेवन इत्यादि पूर्णता: प्रतिबंधित रहेगा तथा ऐसे गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए व कानूनी कार्यवाही करने के लिए गठित कमेटी को सम्पूर्ण दायित्व होगा। भवन में होने वाले विभिन्न आयोजनों के दरम्यान माननीय सर्वोच्च न्यायालय, शासन, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों के साथ ही कोलाहल अधिनियम का पूर्णता: पालन कराने की जवाबदारी गठित कमेटी के अधीन होगी। आचार संहिता लागू होने पर कमेटी का सम्पूर्ण कार्य सचिव के द्वारा निगम के प्रशासक के निर्देशन पर किया जायेगा। निर्वाचित पार्षद के कार्यकाल समाप्त होने तक कमेटी यथावत् रहेगी। पार्षद के कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात् नवनिर्वाचित पार्षद अपने नवीन कार्यकाल से कार्यकाल समाप्ति तक कमेटी के दायित्व का निर्वहन करेंगे। कमेटी के लिए इसी प्रकार सतत् प्रक्रिया अपनाई जायेगी। सामुदायिक/सांस्कृतिक भवनों से संबंधित गतिविधियों / कार्यप्रणाली का औचक निरीक्षण / परीक्षण आयुक्त, नगर पालिक निगम, धमतरी के निर्देश पर निगम अधिकारियों के किया जा सकेगा।
