Uncategorized

धान खरीदी केंद्र सोरम का भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

धान खरीदी किसानों के लिए पूरे वर्ष की मेहनत का महत्वपूर्ण प्रतिफल है, जिसे साय सरकार पूरी कर रही है : रंजना साहू

कल 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, साय सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेगी धान, प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक होगी खरीदी

धमतरी- छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी का महाअभियान कल 15 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। धान खरीदी शुरू होने से पहले धमतरी की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू ने धान खरीदी केंद्र सोरम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सोसायटी प्रबंधक से खरीदी केंद्र में की गई व्यवस्थाओं, किसानों के पंजीयन, धान खरीदी की प्रक्रिया और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान रंजना साहू ने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके परिश्रम और उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा इस खरीफ विपणन वर्ष में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जाएगी। वहीं पंजीकृत किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी का प्रावधान किया गया है। यह निर्णय प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने वाला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से किए गए वादे को पूरा करते हुए धान का मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, सरकार का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना और कृषि को लाभकारी बनाना है।
रंजना साहू ने सोसायटी प्रबंधक खोरबाहरा राम साहू को निर्देशित करते हुए कहा कि धान खरीदी केंद्र में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो। किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, बारदाना, पर्याप्त तौल कांटे और धान की गुणवत्ता जांच सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही किसानों को टोकन एवं खरीदी संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपना धान बेचने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। श्रीमती साहू ने आगे कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए पूरे वर्ष की मेहनत का महत्वपूर्ण प्रतिफल है, इसलिए खरीदी केंद्र में आने वाले प्रत्येक किसान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। किसी भी किसान को अव्यवस्था अथवा लापरवाही के कारण परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उल्लेखनीय है कि सोरम धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 1118 किसानों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 1067 किसानों ने अपना धान विक्रय किया था। आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए भी खरीदी की तैयारियां की गई हैं।
रंजना साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का निर्णय किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों के सहयोग और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सोरम धान खरीदी केंद्र में खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न होगा। सोसायटी निरीक्षण दौरान रंजना साहू के साथ भाजपा जिला पदाधिकारी विजय साहू, भाजपा वरिष्ठ नरेश यादव, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती अनिता मुकेश यादव, सोसायटी अध्यक्ष गोरख सिन्हा, रेखन साहू अन्य सहित उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!