जिला अस्पताल का निरीक्षण कर विधायक ओंकार साहू ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
मरीजों से मुलाकात कर इलाज, भोजन और दवाइयों की उपलब्धता की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने आज जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य, इलाज एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
विधायक साहू ने मरीजों से विशेष रूप से अस्पताल में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन (खाना) की गुणवत्ता, नियमितता एवं पौष्टिकता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा मशीनों, उपकरणों, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली उपचार सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, समय पर आवश्यक दवाइयां, गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना सुनिश्चित होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने की बात कही। विधायक ने कहा कि आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक पहल की जाएगी।


